![]() |
फोटो स्रोत: atlasobscura.com |
दुनियाभर में लाखों की संख्या में पेड़ पौधों की प्रजातियाँ पाई जाती है। इस धरती पर मौजूद लगभग सभी जीव जन्तु खाने के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पेड़ पौधों पर ही निर्भर होते हैं। ऐसे में ये भी एक तथ्य है कि सभी पेड़ पौधे खाने के लिए उपयुक्त नहीं होते। कुछ पेड़ पौधे जहां अपने फलों के रूप में काफी पोषण प्रदान करते हैं तो वहीं कुछ ऐसे भी होते है जिनके फल जहरीले होते हैं।
हालांकि आज हम एक ऐसे पेड़ “मंचीनील” के बारे में बात करेंगे जिसका ना केवल फल ही खाने में जहरीला होता है बल्कि वो पेड़ अपने आस पास का वातावरण भी जहरीला बना देता है। यहाँ तक कि बारिश में उस पेड़ के नीचे खड़े होने पर पेड़ से टकराकर गिरी बारिश की बुँदे भी जीवों और इंसानों के शरीर पर छाले उत्पन्न कर देती हैं। इसीलिए इस पेड़ को दुनिया का सबसे जहरीला और खतरनाक पेड़ माना जाता है।
आइए जानते हैं दुनिया के सबसे खतरनाक पेड़ “मंचीनील” के बारे में रोचक तथ्य:
- मंचीनील दुनिया का सबसे जहरीला पेड़ है। इसकी पत्तियां इतनी जहरीली होती हैं कि अगर आप बारिश के दौरान इसके नीचे खड़े होते हैं, तो आपकी त्वचा पर छाले पड़ जाएंगे, क्योंकि बारिश की बूंदें पत्तियों के संपर्क से विषाक्त हो जाती हैं।
- “मंचीनील” का मतलब होता है “मौत का सेब”। इसका फल भी देखने और सूंघने में सेब जैसा ही लगता है।
- मंचीनील एक संकटग्रस्त प्रजाति है। यह पेड़ अमेरिका के फ्लोरिडा में बहुतायत में पाया जाता है। इसके अलावा उत्तरी अमेरिका के दक्षिणी भाग में, कैरेबियन क्षेत्रों में, मध्य अमेरिका के कुछ हिस्सों में और दक्षिणी अमेरिका के उत्तरी भाग में भी पाया जाता है। इस पेड़ के जहरीलेपन के बारे में पेड़ के पास स्पष्ट रूप में चेतावनी लिखी जाती है।
![]() |
फोटो स्रोत: sciencealert.com |
- स्पेनिश खोजकर्ता और उपनिवेशवादी जुआन पोंस डी लियोन की मौत मंचीनील के जहरीले रस लगे तीर से ही हुई थी। यह रस इतना असरदार है कि यह कार के पेंट को आसानी से गला सकता है। इस पौधे में कई असाधारण विष होते हैं, जिनमें से कुछ की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
- स्पेनिश में इस पेड़ को “arbol de la muerte” कहा जाता है। इसका अर्थ है “मौत का पेड़”।
- मंचीनील के पेड़ को छूना और इसके आसपास सांस लेना भी इतना खतरनाक है कि यह आपकी जान ले सकता है।
- आमतौर पर जहरीले फल कडवे होते हैं। लेकिन मंचीनील के मामले में ऐसा नहीं है। इस का फल पहले खाने में स्वादिष्ट और मीठा लगता है लेकिन कुछ देर बाद यह तीखी मिर्च जैसा स्वाद देने लगता है।
- इसका फल खाने पर शरीर में जलन होने लगती है और सांस की नाली में रुकावट आने लगती है। फल खाने से आंतों में रक्तस्त्राव होने लगता है। इसके अलावा नसों की झनझनाहट, बैक्टीरियल सुपरिनफेक्शन, एडिमा आदि हो जाता है, जो श्वसन प्रणाली को पूर्णतः बंद कर देता है।
- मंचीनील के पेड़ को नष्ट करने के लिए इसे जलाना भी खतरनाक साबित हो सकता है। क्योंकि जलाने पर इसका धुआँ भी इतना जहरीला होता है कि किसी भी इंसान की जान ले सकता है।
- Florida Institute of Food and Agricultural Sciences के अनुसार मंचीनील पेड़ के सभी भाग छूने या खाने में बेहद खतरनाक होते हैं।